रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में जालंधर के चौगिट्टी चौक के पास बसे अंबेडकर नगर में लगभग 800 घरों को गिराने के लिए पावरकॉम ने 24 घंटे का समय दिया है। आज कोर्ट में पावरकॉम के अधिकारी जमीन पर कब्जा लेने के लिए जाएंगे।
पावरकॉम का दावा है कि यहां उनकी 65 एकड़ जमीन है। इस पर लोगों का कब्जा है। चौगिट्टी से लद्देवाली फ्लाइओवर के ठीक नीचे ये घर बसे हैं। स्थानीय निवासी सुरजन कौर ने कहा कि 1986 से बिजली बोर्ड के साथ केस चल रहा है। 2 बार हम केस जीत चुके हैं। चौथी पीढ़ी यहां पर रह रही है। करीब 800 घर यहां हैं। मुझे यहां 50 साल हो गए। एक-एक ईंट जोड़कर घर बनाए हैं। अब उजड़ जाएंगे तो कहां जाएंगे। सुरजन ने कहा कि हमारे छोटे-छोटे बच्चे कहां जाएंगे। हम इंडिया में रह रहे हैं, कोई पाकिस्तान से थोड़े आए हैं। भगवंत मान सरकार से अपील करते हैं कि हमें बचाया जाए। परमजीत कौर ने कहा कि यहां करीब 4 हजार लोग हैं। इतनी जनता कहां जाएगी। गाड़ियों के नीचे लेट जाएंगे, जान दे देंगे। लेकिन मकान नहीं गिराने देंगे। हम मर जाएंगे। लेकिन यहां से निकलेंगे नहीं। अगर सरकार हमारे घरों को गिराने के लिए बुलडोजर लेकर आएगी तो हम गाड़ियों के आगे लेट जाएंगे।
महिला ने कहा कि हम मकान नहीं गिराने देंगे। हमें तो रात को तीन दिन से नींद नहीं आ रही है। भूख लग रही है, मगर खाना अंदर नहीं जा रहा है। बच्चे सहमे हुए हैं।


