
रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर 13 महीने से आंदोलन कर रहे किसानों और केंद्र की 7 वीं वार्ता भी बेनतीजा रही। इस मीटिंग में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान, पीयूष गोयल और प्रह्लाद जोशी शामिल थे। चंडीगढ़ में सुबह 11 बजे शुरू हुई मीटिंग 4 घंटे चली लेकिन कोई हल नहीं निकला।
वहीं इस मीटिंग में हिस्सा लेकर वापस शंभू और खनौरी बॉर्डर लौट रहे किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवण पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के जगजीत डल्लेवाल को पुलिस ने अचानक हिरासत में ले लिया। पंधेर को मोहाली की एयरपोर्ट रोड पर पुलिस ने घेर लिया। वहीं डल्लेवाल एंबुलेंस में खनौरी बॉर्डर लौट रहे थे, पुलिस ने उन्हें संगरूर में घेर लिया। पुलिस डल्लेवाल को एंबुलेंस समेत ही हिरासत में लेकर चली गई। इन दोनों नेताओं की अगुआई में ही ये आंदोलन चल रहा है।
इसके साथ किसान नेता काका सिंह कोटड़ा, अभिमन्यु कोहाड़, मनजीत राय, ओंकार सिंह को भी डिटेन किया है। इस दौरान संगरूर में पुलिस की बैरिकेडिंग और किसानों को हिरासत में लेकर पुलिस-किसानों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। किसानों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। हालांकि पंजाब पुलिस पहले से ही तैयारी में थी और भारी फोर्स की वजह से सभी किसान हिरासत में ले लिए गए। इस सारे मामले के बाद हरियाणा में अलर्ट जारी कर दिया गया है। किसानों ने शक जताया कि पुलिस जबरन शंभू और खानौनी बॉर्डर खाली करवा सकती है।





