
रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): हरियाणा के नूंह में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार पिकअप ने 11 लोगों को कुचल दिया, जिसमें 6 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में 4 महिलाएं गंभीर घायल हैं।
हादसा इतना भयानक था कि कई शवों के 2 टुकड़े हो गए। ये सभी एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम करने आए थे। मरने वालों में 4 महिलाएं एक ही परिवार की थीं। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। सूचना के बाद फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा में रखवाया।
जानकारी के मुताबिक इब्राहिमबास गांव के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम चल रहा है। ठेकेदार ने कई गांवों के लोगों को इस काम में लगाया हुआ है। शनिवार सुबह 11 लोग सफाई करने के लिए पिकअप गाड़ी से उतर रहे थे। इसी दौरान गुरुग्राम की तरफ से आई तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 6 महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक पुरुष और 4 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी को अस्पताल पहुंचाया। यहां पुरुष ने भी दम तोड़ दिया। घायल महिलाओं में से 2 की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है।




