रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते 7 बसें और 3 कारें भिड़ गईं। टक्कर होते ही गाड़ियों में आग लग गई। 5 लोगों की जलकर मौत हो गई। मरने वालों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है, क्योंकि
बसों में मानव अंग फंसे दिखाई दिए।
एक युवक ने बताया कि उसने बस से 8-9 लाशें निकाली हैं। जली हुई लाशों के टुकड़े 17 पॉलिथीन बैग में भरकर अस्पताल पहुंचाए गए हैं। डीएनए टेस्ट से इनकी शिनाख्त की जाएगी। हादसे में 66 लोग घायल हैं। हालांकि, एक चश्मदीद ने बताया कि 20 एम्बुलेंस से 150 लोगों को अस्पताल भेजा गया है। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसा थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 पर हुआ। पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम ने 6 घंटे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। मलबा हटाने के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा था। अचानक एक बस ने रफ्तार धीमी की। इसके चलते कई वाहन एक-दूसरे से टकराते गए। प्रत्यक्षदर्शी भगवान दास ने बताया कि टक्कर के बाद ऐसा लगा कि बम फटा हो। लोग बसों के शीशे तोड़कर बाहर कूद रहे थे। वहीं, सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया।


