रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर के पठानकोट चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जम्मू से दिल्ली जा रही एक टूरिस्ट बस अचानक बीच सड़क पर खराब हो गई। बस के अचानक रुकने से नाराज यात्रियों ने जमकर हंगामा किया, बस में तोड़फोड़ की और चालक के साथ मारपीट की। घटना के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, एक टूरिस्ट बस जम्मू से यात्रियों को लेकर दिल्ली की ओर जा रही थी। जैसे ही बस जालंधर के पठानकोट चौक के नजदीक पहुंची, अचानक बस का एक्सल टूट गया। तकनीकी खराबी के कारण बस बीच सड़क पर ही रुक गई। बस के रुकते ही यात्रियों में नाराजगी फैल गई और कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस के अचानक बंद होने से यात्री काफी गुस्से में आ गए। देखते ही देखते कुछ यात्रियों ने बस के शीशे तोड़ना शुरू कर दिए और चालक के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया।


