रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमृतसर के अजनाला स्थित गांव तलवंडी राय दादू में देर रात एक घर को आग के हवाले कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस अग्निकांड में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया और एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के पीछे की वजह एक युवक द्वारा तीन बच्चों की मां को कथित तौर पर भगा ले जाना बताया जा रहा है।
जांच अधिकारी रशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। घर का सामान पूरी तरह जल चुका है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और तथ्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वे एक शादी समारोह में गए हुए थे, तब महिला के रिश्तेदारों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की। उन्होंने अलमारी तोड़कर 5 लाख रुपए की नकदी और सोने के गहने लूट लिए और उसके बाद पूरे घर को आग लगा दी। भीषण आग के कारण घर में रखा कीमती सामान और दस्तावेज पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।


