रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): गुरदासपुर में एएसआई और होमगार्ड जवान की हत्या के एक आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। यह मुठभेड़ पुराना शाला इलाके में हुई। मरने वाला आरोपी रणजीत सिंह है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए गई थी लेकिन उसने फायरिंग कर दी। यह मुठभेड़ बुधवार सुबह हुई।
गोली लगने के बाद रणजीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। बता दें कि कुछ दिन पहले गुरदासपुर के गांव आदियां पुलिस चौकी में होमगार्ड के जवान अशोक कुमार और एएसआई गुरनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक इस मामले में पहले आलिनंगल के दिलावर सिंह को पकड़ा गया था। उससे पूछताछ के दौरान ही आदियां गांव के रणजीत और इंद्रजीत का नाम पता चला था। जिसके बाद पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए पीछा कर रही थी। इस दौरान मुठभेड़ हो गई और एसएचओ दोरांगला की गाड़ी भी पलट गई। इस मामले में गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने बताया कि एनकाउंटर के दौरान हत्या के आरोपी की मौत हो गई। वहीं सीआईए स्टाफ के इंचार्ज गुरमीत सिंह की बाजू
पर गोली लगी है। उन्हें रणजीत की चलाई गोली लगी है। इंचार्ज को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


