रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): सरकारी तेल कंपनियों ने आज स्पीड और पावर जैसे प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें ₹2.09-₹2.35 प्रति लीटर तक बढ़ा दी है। सामान्य पेट्रोल की कीमत में बदलाव नहीं हुआ है। भारत पेट्रोलियम (BPCL) प्रीमियम पेट्रोल को स्पीड नाम से बेचता है। वहीं हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) इसे पावर और इंडियन ऑइल यानी IOCL XP95 के नाम से बेचता है। ये सामान्य पेट्रोल के मुकाबले करीब 10-12 रुपए महंगा होता है।इसके अलावा इंडियन ऑयल ने अपने इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमत में भी 25% की बढ़ोतरी की है। इसके दाम ₹87.67 प्रति लीटर से बढ़कर अब ₹109.59 प्रति लीटर हो गए हैं।
सामान्य और प्रीमियम पेट्रोल में मुख्य अंतर इनके ऑक्टेन नंबर का होता है। प्रीमियम पेट्रोल का ऑक्टेन लेवल ज्यादा होता है जो इंजन को ‘नॉकिंग’ (झटके) से बचाकर बेहतर परफॉर्मेंस और लंबी लाइफ देता है। प्रीमियम पेट्रोल के दाम इसलिए ज्यादा होते हैं क्योंकि इसकी रिफाइनिंग प्रोसेस महंगी है और इसे बनाने के लिए खास ‘एडिटिव्स’ का इस्तेमाल होता हैं। सामान्य पेट्रोल का ऑक्टेन नंबर आमतौर पर 91 होता है। यह ज्यादातर कारों और बाइक्स के इंजन के लिए स्टैंडर्ड फ्यूल है। प्रीमियम पेट्रोल ऑक्टेन नंबर 95 से 100 के बीच होता है। जैसे इंडियन ऑयल का ‘XP95’ 95 ऑक्टेन का है।
📣 नॉर्मल कार/बाइकः अगर आपकी गाड़ी 100cc से 1500cc के बीच है और नॉर्मल इंजन वाली है, तो प्रीमियम पेट्रोल की जरूरत नहीं है।
📣 लग्जरी/स्पोर्ट्स कारः अगर गाड़ी के मैनुअल में 95 ऑक्टेन फ्यूल लिखा है, तो प्रीमियम ही डालें वरना इंजन में ‘नॉकिंग’ की समस्या हो सकती है।
📣 पुरानी गाड़ीः पुरानी गाड़ियों के इंजन की सफाई के लिए कभी-कभी प्रीमियम फ्यूल इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है।
उधर इंडियन ऑयल ने अपने इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमत में भी करीब ₹22 या 25% की बढ़ोतरी की है। इसके दाम ₹87.67 प्रति लीटर से बढ़कर अब ₹109.59 प्रति लीटर हो गए हैं।


