रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने रेड की है। आज सुबह 9 बजे ED की टीमें जालंधर में उनके घर, यूनिवर्सिटी समते अन्य ठिकानों पर पहुंचीं। जांच चल रही है। घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
करीब 12 दिन पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने सांसद राघव चड्डा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया था। इसके बाद अशोक मित्तल को उनकी जगह दे दी। अशोक पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर और चांसलर हैं। 2022 में राज्यसभा सांसद बने थे।
दिल्ली की टीम ने जालंधर में रेड की
जानकारी के मुताबिक ED की दिल्ली टीम ने जालंधर और फगवाड़ा में लवली ग्रुप के कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के कथित उल्लंघनों से जुड़े मामले में की जा रही है। छापेमारी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, लवली ऑटोज, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर समेत कई स्थानों पर चल रही है। इसके अलावा, मित्तल के परिवार से जुड़े आवासीय और व्यावसायिक परिसरों पर भी जांच की जा रही है, जिनमें उनके भाई रमेश मित्तल और नरेश मित्तल के ठिकाने शामिल हैं। रेड के बाद मान ने ट्वीट करके इस रेड को लेकर बीजेपी पर सवाल उठाया है।


