रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): कनाडा के टोरंटो में बुजुर्गों को डरा-धमकाकर कंस्ट्रक्शन के नाम पर पैसे ऐंठने के आरोप में पुलिस ने पंजाबी मूल के गैंगस्टर अर्शदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। अर्शदीप साथियों के साथ मिलकर बुजुर्गों को निशाना बनाकर उन्हें लूटता रहा। आरोपी उन घरों को निशाना बनाते थे जिनमें बुजुर्ग रहते हैं।
वह सिटी ऑफ टोरंटो के अफसर बनाकर घरों में जाते और बिल्डिंग का सर्वे करते। उसके बाद बुजुर्गों को घरों की तुरंत मरम्मत करने के लिए कहते। जो रिपेयर के लिए आनाकानी करते उन्हें कानूनी कार्रवाई के नाम पर धमकाते हैं। आरोपी कनाडा में 2024 से लगातार ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। आरोपी अर्शदीप सिंह के गैंग की करतूतों का पता तब चला जब एक बुजुर्ग ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और अर्शदीप सिंह को गिरफ्तार किया। अब खुलासा हुआ है कि अर्शदीप सिंह व उसके गैंग ने कंस्ट्रक्शन फ्रॉड के नाम पर कई बुजुर्गों को लूटा है। पुलिस ने उन सभी लोगों से कंप्लेंट देने का कहा है जिनके साथ पूर्व में भी इस तरह का फ्रॉड हुआ है। पुलिस ने इसके लिए बाकायदा नंबर भी जारी किया है।


