रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब BJP के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ की अगुवाई में हुई इस मुलाकात के दौरान नेताओं ने पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज को लेकर ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर सुनील जाखड़ ने राज्यसभा सांसद संदीप पाठक पर दर्ज मामलों को लेकर कहा, “पर्चों से तो हम निपट लेंगे। बीजेपी पर्चों से डरने वाली नहीं है। यह कोशिश अपने विधायकों को डराने के लिए की जा रही है कि हम संदीप पाठक तक पर हाथ डाल सकते हैं। अगर कोई आगे-पीछे होता है या दल बदलता है, तो उसके खिलाफ पर्चा दर्ज कर दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि राज्यपाल से मांग की गई है कि चीफ सेक्रेटरी को बुलाकर पूछा जाए कि मीटिंग में क्या हुआ था और अफसरों को सुरक्षा दी जाए।
पंजाब में सीएम बदलने की स्थिति पर बयान
सुनील जाखड़ ने कहा, “फ्लोर टेस्ट पास करने के बाद मुख्यमंत्री आराम से बैठे हैं कि अब उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव नहीं आएगा। मैंने राज्यपाल से कहा है कि इस मामले में न्यायिक सलाह ले लें। अगर बहुमत वाले विधायक आपके पास आकर कहें कि उनके पास बहुमत है, तो हर मामले में फ्लोर ऑफ द हाउस में जाने की जरूरत नहीं होती। इसका निपटारा राजभवन में भी हो सकता है। आने वाले समय में स्थिति साफ हो जाएगी।”


