रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा की घटनाएं शुरू हो गई हैं। नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित बामनघेरी इलाके में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमला हुआ। उपद्रवियों ने फायरिंग की, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
घायलों में नाजाट थाने के ऑफिसर इन-चार्ज, एक कांस्टेबल, एक महिला पुलिसकर्मी और केंद्रीय बलों के दो जवान शामिल हैं। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग जगहों पर 4 लोगों की हत्या कर दी हई। इनमें भाजपा और TMC के 2-2 कार्यकर्ता हैं। भाजपा ने उत्तर 24 परगना के न्यू टाउन और हावड़ा के उदय नारायणपुर में अपने दो कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप TMC पर लगाया है। TMC ने भी आरोप लगाया है कि कोलकाता के बेलेघाटा और बीरभूम के नानूर में उसके दो पार्टी सदस्यों की हत्या कर दी गई। उधर भीड़ ने कलकत्ता में टीएमसी के ऑफिस पर बुलडोजर चला कर गिरा दिया। 


