रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के बटाला क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (AAP) के यूथ विंग के जिला प्रधान और गांव कादियां राजपूतां के मौजूदा सरपंच गुरविंदर सिंह पर मंगलवार देर शाम जानलेवा हमला किया गया। बाइक पर आए अज्ञात हमलावरों ने उन्हें दो गोलिया मारीं और मौके से फरार हो गए।

परिजन ने बताया है कि हमलावर मिठाई का डिब्बा लेकर आए थे। अचानक उन्होंने फायरिंग कर दी। सरपंच के दोनों पैरों में गोलियां लगी हैं। घायल अवस्था में उन्हें लोगों की मदद से बटाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर के निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें हमले की जिम्मेदारी दो गैंगस्टरों आदेश जमाराये और निशान जोड़ियां ने ली है। पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि यह सरपंच अब भी नहीं समझा तो अगली बार छाती पीतल से भर देंगे। जब भी अपनी टांगें देखेगा, हमें याद करेगा।


