रोजाना मेल,(न्यूज डेस्क): पंजाब और चंडीगढ़ में आज भी बारिश के साथ ओले गिरने और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 घंटों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में सवा 12 बजे तक आंधी तूफान का अलर्ट जारी किया गया था।
गुरुवार को रुक-रुक कर हुई बारिश, ओले गिरने और आंधी के कारण तापमान में 3.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अब यह सामान्य तापमान से 2.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान 42 डिग्री अबोहर में दर्ज किया गया। वहीं बिजली की डिमांड में 76% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। 17 जून तक ऐसा मौसम रहेगा। लू से राहत मिलेगी। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक वैसे तो पूरे राज्य में बारिश और आंधी की संभावना है। इस दौरान छह जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, बठिंडा और मानसा में ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है।


