रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी साजिश का भंडाफोड़ किया है। मोगा पुलिस ने 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और मैगजीन सहित 9 एमएम की ग्लॉक पिस्टल बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस साजिश का मास्टरमाइंड इकबाल सिंह उर्फ रवि धालीवाल है, जो फिलहाल ब्रिटेन (UK) में रह रहा है और कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। पुलिस के मुताबिक, उसी के निर्देश पर आरोपियों ने मोगा के सदर थाना पर ग्रेनेड हमला किया था। इसके अलावा फिरोजपुर से जम्मू जाने वाली ट्रेन में IED लगाकर बड़ा विस्फोट करने की भी साजिश रची गई थी। पुलिस ने इस मामले में मोगा के सदर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS), गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, एक्सप्लोसिव एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की रोकथाम अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पंजाब पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पूरे आतंकी नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य आरोपियों व सहयोगियों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।


