रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में पहाड़ से चट्टानें कार पर जा गिरी, जिससे उसमें आग लग गई। इससे 13 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 6 महीने की बच्ची भी शामिल है। दोपहर 3 बजे उदयपुर-किलाड़ सड़क पर कडू नाला के पास लैंडस्लाइड हुआ। विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि टाटा सूमो में कुल 15 लोग सवार थे। हादसा इतना खतरनाक था कि मृतकों के शवों की पहचान कर पाना भी मुश्किल हो रहा है।

इधर, रोपड़ में शाम के वक्त तेज बारिश हुई। वहीं अमृतसर में जुलाई की बारिश ने 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अजनाला के गांव कोटली अंब में एक मकान ढहा गया। जिससे मां और तीन साल की बच्ची मलबे में दब गईं। हालांकि गांववालों ने समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया। जालंधर-लुधियाना हाईवे पर गोराया के पास गांव संग ढेसियां में ग्रामीणों और दुकानदारों ने सड़क की बदहाल हालत के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क पर पानी से भरे गड्डों में धान लगा दी।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने, पंजाब के सभी जिलों और चंडीगढ़ में 27 से 29 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवा और आसमानी बिजली भी गिरने की संभावना है।


