रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर के फिल्लौर का रहने वाला युवक इटली जाने के लिए विदेश गया था, लेकिन केन्या में एक आपराधिक गिरोह ने उसे बंधक बना लिया। गिरोह ने उसकी पिटाई का वीडियो बनाकर परिवार को वॉट्सऐप पर भेजा और रिहाई के बदले 70 हजार डॉलर यानी करीब 58 लाख रुपए की फिरौती मांगी।
युवक के पिता के मुताबिक, बेटे को इटली भेजने के लिए दो एजेंटों से 9.50 लाख रुपए में सौदा हुआ था। 2 लाख रुपए एडवांस दिए गए थे। एजेंटों ने पहले केन्या और वहां से इटली भेजने की बात कही थी। 5 अगस्त को बेटा जयपुर से दुबई होते हुए केन्या पहुंचा, जहां उसे दो अन्य पंजाबी युवकों के साथ बंधक बना लिया गया। परिवार के मुताबिक, खुद को ‘खान बाबा’ बताने वाले गैंगस्टर ने बताया कि उसका एजेंट परमजीत सिंह से पैसों का विवाद है। परिवार का आरोप है कि अब परमजीत फोन नहीं उठा रहा। परिवार ने पुलिस से एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद युवक को अब छुड़ा लिया गया है।


