रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए बवाल के बाद अगले आदेश तक यहां इंटरनेट बंद कर दिया गया है। किसी तरह के भड़काऊ वीडियो से माहौल फिर खराब न हो, इसके लिए ये आदेश दिए गए हैं।
वहीं पंजाब महिला आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए कपूरथला के DC और SSP से FIR की कॉपी, SIT और अब तक की जांच रिपोर्ट तलब कर ली है। आयोग ने यूनिवर्सिटी में गर्ल्स हॉस्टल के लिए किए सुरक्षा इंतजामों के बारे में भी जानकारी मांगी है। वहीं CM भगवंत मान ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उनके निर्देश पर DGP गौरव यादव ने यूनिवर्सिटी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद DGP ने कहा-
” पुलिस ने मिनिमम फोर्स यूज की। स्टूडेंट्स से बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की गई। अब स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बना दी गई है।
वहीं हंगामे के बाद LPU को 10 दिन के लिए बंद कर दिया गया है। यूनिवर्सिटी ने कहा है कि जो स्टूडेंट्स अपने घर जाना चाहते हैं, वह पेरेंट्स को बुला लें। इसके बाद स्टूडेंट्स घर लौट रहे हैं।यूनिवर्सिटी में मिड-टर्म एग्जाम रद्द कर दिए गए। इसके अलावा, रविवार सुबह करीब 6 बजे से करीब 18 घंटे तक जाम रहा दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे रविवार रात करीब 12 बजे खुल गया। इसी बीच हंगामे के दौरान मॉल से सामान लूटा गया, अज्ञात लड़कों ने गर्ल्स हॉस्टल में घुसने की कोशिश की। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि आउटसाइडर्स ने यूनिवर्सिटी में घुसकर हंगामा मचाया। पंजाब पुलिस को इस घटना की जांच करनी चाहिए और जवाब देना चाहिए कि यह सब कैसे हुआ।


