रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): फगवाड़ा की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में प्रदर्शन की आड़ में जालंधर और लोकल लड़कों के 2 गुटों ने आगजनी, तोड़फोड़ और लूटपाट की। स्टूडेंट्स का दावा है कि एक ग्रुप करतारपुर तो दूसरा लॉ गेट के साथ वाले घरों से था। एक छात्रा ने कहा कि परिसर के बाहर करीब 200 उपद्रवी ट्रॉली में भर-भरकर अंदर दाखिल हुए, जिससे छात्राएं डर गई थीं।
LPU के यूनिमॉल में दुकान चलाने वाले युवक ने कहा कि वह यहां पर लैपटॉप और मोबाइल की दुकान चलाता है। शनिवार को उसकी दुकान को लूट लिया गया। यहां से LPU के साथ लगते लॉ गेट के लड़के 300 लैपटॉप और आईफोन-17 सीरीज के करीब 118 मोबाइल ले गए। लूट के बाद एक मोटे अनुमान के अनुसार, उसकी दुकान से कुल मिलाकर 14 करोड़ रुपए का सामान उठाया गया है। कोई भी लैपटॉप ऐसा नहीं था, जिसकी कीमत 50 हजार रुपए से कम थी। युवक ने कहा कि अभी उसे खतरा है, इसलिए लड़कों के नाम और पहचान यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट को बता दिए गए हैं। मॉल उनके अंडर है, इसलिए वे ही पुलिस कार्रवाई करवाएंगे। वहीं, शनिवार देर रात से शुरू हुआ बवाल सोमवार के बाद मंगलवार को भी पूरी तरह शांत रहा। पुलिस फोर्स अब भी LPU के गेट पर तैनात है। 3 दिन में पुलिस और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट उस मैसेज तक नहीं पहुंच पाए हैं, जिससे विवाद शुरू हुआ। न ही उस लड़की के बारे में कुछ बताया गया है।
यूनिवर्सिटी के छात्रों ने जैसा बताया…
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) की फोर्थ ईयर की छात्रा जानवी के अनुसार, रविवार रात LPU परिसर का माहौल अचानक खराब हो गया। बाहर से आए लगभग 100 से 200 उपद्रवी ट्रॉली में भर-भरकर अंदर दाखिल हो गए। ये सभी रोबोटो पार्क से होते हुए गर्ल्स हॉस्टल संख्या 5 और 6 की तरफ बढ़ने लगे। जानवी ने बताया कि वह हॉस्टल नंबर-12 की छात्रा है और उस समय खबर फैली कि उपद्रवी हाथों में लोहे की रॉड लेकर गर्ल्स हॉस्टल्स की तरफ घुसने की कोशिश कर रहे हैं।
छात्रा ने आरोप लगाया कि इतनी खतरनाक स्थिति के दौरान मौके पर न तो कोई सिक्योरिटी गार्ड तैनात था और न ही कोई पुलिस बल मौजूद था। ऐसे में LPU के ही सीनियर (फोर्थ ईयर) लड़कों ने हिम्मत दिखाते हुए उपद्रवियों को गर्ल्स हॉस्टल में घुसने से रोका और उन्हें मारकर बाहर खदेड़ा। इस पूरी घटना के दौरान हॉस्टल प्रबंधन की ओर से छात्राओं को कमरे में बंद रहने, दरवाजे बंद रखने और कॉरिडोर में न घूमने की सख्त चेतावनी दी गई थी, जिससे सभी छात्राएं डरी हुई थीं।
जानवी ने बताया कि देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस LPU में पहुंची, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई और स्टूडेंट्स हॉस्टल में सो पाईं। हालांकि पुलिस ने हॉस्टल 3 और 4 में चेकिंग की, क्योंकि वहां उपद्रवियों के घुसने की सूचना मिली थी।


