रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमृतसर में थाने से घर लौट रहे जीआरपी में तैनात ASI सुखचैन सिंह पर 3 बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। गांव के पास घर से 1 किलोमीटर से दूर पुल पर युवकों ने उन्हें घेरकर गोलियां चलाईं। एक गोली उनकी बाईं बाजू में लगी और आर-पार हो गई।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल ASI को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है। सुखचैन सिंह ने बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। उन्होंने साल 2019 में हुई अपने भाई की हत्या का जिक्र करते हुए अपनी भाभी पर हमला करवाने का शक जताया है। हालांकि, हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने 3 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पंजाब में ASI पर हमलों का यह 5वां मामला है। इससे पहले गुरदासपुर और अमृतसर में 3 ASI का इसी स्टाइल में मर्डर किया जा चुका है। वहीं अमृतसर में एक ASI को भी घायल किया जा चुका है।


