रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): भाजपा सांसद अशोक मित्तल ने जालंधर और आसपास के इलाकों में श्मशान घाटों के जीर्णोद्धार और विकास के लिए सांसद निधि से विशेष वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया है। उन्होंने पंजाब में फैल रहे नशे के मुद्दे को लेकर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर जमकर हमला बोला। सांसद का कहना है कि राज्य सरकार की कार्रवाई केवल एक दिखावा है, जबकि राज्य में नशा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने सीबीआई (CBI) के दुरुपयोग के आरोपों को खारिज करते हुए अपनी भावी चुनाव योजनाओं पर भी स्थिति स्पष्ट की।
श्मशान घाटों के विकास के लिए पहल
सांसद अशोक मित्तल ने कहा कि जीवन का सबसे बड़ा कड़वा सच यह है कि अंत समय में हर इंसान को श्मशान घाट ही जाना पड़ता है। इसके बावजूद, आमतौर पर कोई भी श्मशान घाटों के रखरखाव और विकास कार्यों के लिए फंड जारी नहीं करता इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने खुद पहल की है। उन्होंने मॉडल टाउन स्थित शिवपुरी के लिए 50 लाख रुपये और जालंधर कैंट के रामबाग के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि दी है, ताकि अंतिम यात्रा में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।


