रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के पटियाला जिले के विधानसभा हलके सनौर से आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत पठानमाजरा ऑस्ट्रेलिया भाग गए हैं। वह रेप केस में गिरफ्तारी के वक्त हरियाणा के करनाल से पंजाब पुलिस पर फायरिंग करके फरार हुए थे। यह खबर तब सामने आ रही है, जब पठानमाजरा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हो चुका था।
पठानमाजरा ने ऑस्ट्रेलिया में एक निजी चैनल को इंटरव्यू दिया और खुद पर हो रही कार्रवाई पर पंजाब के सीएम को घेरा। उन्होंने सीएम भगवंत मान को बेतजुर्बा बताया और कहा कि सूबे के मंत्री व एमएलए डमी बनकर रह गए। सरकार में एमएलए की पांच पैसे की औकात नहीं है। निजी चैनल पर 7 नवंबर को ये इंटरव्यू अपलोड किया गया। पठानमाजरा ने कहा कि वो अभी आस्ट्रेलिया में हैं। अभी मैं किसी के साथ टच में नहीं हूं। बेल करवाने के बाद अपने हलके में जाऊंगा और फिर लोगों से मुलाकात करके तय करूंगा कि अगला कदम क्या होगा। पठानमाजरा ने ये भी कहा कि पंजाब में 1000 रुपए महिलाओं को दिए नहीं बिहार जाकर 3000 रुपए का वादा कर रहे। यही इनका झूठ बोलने का सिस्टम है। हालांकि इस मामले में अभी आम आदमी पार्टी या सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पटियाला के सिविल लाइन थाने में 3 सितंबर को AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ FIR दर्ज हुई।


