रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर में AAP नेता लक्की की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। लक्की का विदेश में रहते तस्कर जोगा से झगड़ा चल रहा था, जो लक्की की मौत का कारण बना। किसी समय लक्की और जोगा दोस्त हुआ करते थे। कुछ साल पहले नशे और पैसों को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया।
इसके बाद जोगा विदेश चला गया और लक्की AAP पार्टी में शामिल हो गया। अमृतसर पुलिस सूत्रों के अनुसार, झगड़े के कारण ही लक्की ने जोगा फोल्ड़ीवाल के घर जाकर उसकी मां की बेइज्जती की थी। इसी का बदला जोगा ने लक्की की हत्या करवा कर लिया।
इसी मामले में एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया लक्की का नौकर शमिंदर सिंह उर्फ शिंगरी नशे का आदी होने के साथ कबड्डी प्लेयर भी है। मेलों में होने वाले कबड्डी मुकाबलों में भाग लेता था। वह हत्या के वक्त शूटर को स्कूटी पर भगा ले गया था। शमिंदर पर भी एक केस दर्ज है। वह रोज एक ग्राम चिट्टा लेता था। शक है कि अमृतसर देहाती इलाके में अपनी प्रेमिका के घर में छिपा था।
बता दें कि गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा मॉडल टाउन में गुरुद्वारे के बाहर शुक्रवार (6 फरवरी) सुबह 7 बजकर 36 मिनट पर थार में बैठे आप नेता सतविंदर पाल सिंह उर्फ लक्की ओबरॉय की 9 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।


