रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): नौकरानी की तथा कथित हत्या के मामले में नामजद हुए पूर्व पार्षद एवं आप नेता रोहन सहगल के मामले में जालंधर पुलिस अपने ही बयानों में घिर गई है। जिस रोहन सहगल को एडीसीपी हरिंदर सिंह गिल ने

फरार होने की बात कही थी वहीं रोहन सहगल पुलिस मुलाजिमों के साथ बातचीत करता दिखाई दिया।
हैरानी की बात है कि एडीसीपी गिल ने कहा था कि रोहन को पकड़ने के लिए उसके घर में रेड की गई लेकिन वह नहीं मिला लेकिन रोहन सहगल की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई जिसमें वह सरेआम पुलिस कर्मियों के साथ बातचीत करता नजर आ रहा है। हालांकि इस बारे जब एडीसीपी गिल से बात की तो उन्होंने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में नहीं है। बता दें कि बीते साल 31 अगस्त को रोहन सहगल की मां की केयर टेकर निखिता (20) की लाश घर में फंदे पर लटकती मिली थी। इस मामले में जालंधर पुलिस ने 174 की कार्रवाई की थी लेकिन मृतका के पिता ने यूपी पुलिस में शिकायत देकर बेटी की हत्या के आरोप लगाए थे। उसने कानूनी लड़ाई भी लड़ी जिसके बाद यूपी कोर्ट ने जीरो नंबर एफआईआर दर्ज करके जालंधर पुलिस को ट्रांसफर करने के आदेश देकर जांच के आदेश दिए थे। थाना सात में रोहन सहगल, उसकी माता, मृतका की बुआ कृष्णा और शिव नाम के व्यक्ति खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था। थाना सात के प्रभारी बलजिंदर सिंह का कहना है कि फिलहाल यूपी से रिकॉर्ड मंगाया गया है जिसके आधार पर जीरो नंबर एफआईआर दर्ज की गई।


