रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमृतसर एयरपोर्ट पर एटीसी ने यात्रियों से भरी फ्लाइट को लैंडिंग के लिए इनकार कर दिया। आखिरकार विमान को दिल्ली वापिस लौटना पड़ा। लैंडिंग न होने से विमान में सवार यात्रियों में दहशत मच गई।
दरअसल पंजाब के कई जिलों और चंडीगढ़ में आज (शनिवार) को घना कोहरा छाया है। इसका असर एयर ट्रैफिक पर सबसे ज्यादा पड़ा है। अमृतसर एयरपोर्ट पर चार और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर एक फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ी। सबसे बड़ी ज्यादा स्थिति विकट तब पैदा हुई, जब दिल्ली से अमृतसर आई यात्रियों से भरी एक फ्लाइट एयरपोर्ट के ऊपर काफी देर तक चक्कर लगाती रही, लेकिन लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के कारण उसे वापस दिल्ली लौटना पड़ा।
मुंबई से अमृतसर पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट को भी एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद विमान को जयपुर की ओर भेज दिया गया। दुबई की फ्लाइट को दिल्ली की ओर डायवर्ट कर दिया गया। रात करीब 1 बजे दुबई से अमृतसर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-192 को दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया। इसके अलावा सुबह 4:20 बजे अमृतसर से दोहा रवाना होने वाली कतर एयरवेज की उड़ान भी उड़ान नहीं भर सकी।


