रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में खालिस्तान समर्थक और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के सात साथियों को पंजाब लाया जा रहा है। इन सातों पर से एनएसए हटा दिया गया है। पुलिस की एक विशेष टीम अमृतपाल के तीन साथियों को लेकर इंडिगो की फ्लाइट से डिब्रूगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हो गई है, जबकि बाकी चार साथियों को जल्द ही डिब्रूगढ़ पुलिस स्टेशन से मोहनबाड़ी एयरपोर्ट ले जाया जाएगा। जहां से उन्हें भी दिल्ली शिफ्ट किया जाएगा।
सड़क या हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचने के बाद सभी साथियों को एक साथ अमृतसर शिफ्ट किया जाएगा। गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने इन सभी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून जारी रखने से इनकार कर दिया है। जिसके बाद चार दिन पहले पंजाब पुलिस अमृतपाल के साथियों को लेने असम के डिब्रूगढ़ पहुंच गई है।
इन लोगों से हटाया गया NSA
• भगवंत सिंह उर्फ ‘प्रधानमंत्री’ बाजेकेः ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख सदस्य।
• दलजीत सिंह कलसीः अमृतपाल सिंह के करीबी सहयोगी और संगठन के प्रमुख सदस्य।
• बसंत सिंहः संगठन के सक्रिय सदस्य।
• गुरमीत सिंहः संगठन के सक्रिय सदस्य।
• जीत सिंहः संगठन के सक्रिय सदस्य।
• हरजीत सिंहः अमृतपाल सिंह के चाचा।
• लवप्रीत सिंह तूफानः संगठन का सदस्य।




