रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल की पैरोल रिजेक्ट करने के विरोध में समर्थक अमृतसर में प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान काफी संख्या में निहंग भी पहुंचे हुए हैं। उन्होंने अमृतपाल की फोटो भी ला रखी है और हाथों में बेड़ियां डाली हुई है। रणजीत एवेन्यू में इकट्ठा होने के बाद उन्होंने डीसी ऑफिस की तरफ मार्च शुरू कर दिया है।
सांसद अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार जानबूझकर पैरोल देने से इनकार कर रही है। कानून व्यवस्था बिगड़ने की आड़ में जनता के प्रतिनिधि की आवाज दबाई जा रही है। वहीं प्रदर्शन को देखते हुए रणजीत एवेन्यू से लेकर डीसी ऑफिस तक भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। माहौल बिगड़ने से रोकने के लिए रिजर्व पुलिस फोर्स भी रखी गई है। अमृतपाल के समर्थकों का कहना है कि वह सांसद के समर्थन को रोकना चाहते हैं। मगर, यह सिर्फ शुरुआत है, हम जनता से अन्याय और दबाव को सहन नहीं करेंगे। इसको लेकर आंदोलन खड़ा किया जाएगा। अमृतपाल ने असम की डिब्रूगढ़ जेल में रहते हुए खडूर साहिब सीट से करीब 2 लाख वोटों के अंतर से लोकसभा चुनाव जीता था। उन्हें टाइट सिक्योरिटी में शपथ दिलाई गई लेकिन संसद सत्र में शामिल होने की मंजूरी नहीं मिली।


