रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): खालिस्तानी संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के 7 साथियों को पंजाब लाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पंजाब पुलिस की टीम इसके लिए असम पहुंच चुकी है और वहां सभी 7 आरोपियों का ट्रांजिट रिमांड हासिल किया गया है। अनुमान है कि आज देर रात या कल सुबह सभी 7 साथी अमृतसर पहुंच जाएंगे। पंजाब सरकार ने इन सभी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) जारी रखने से इनकार कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, अमृतपाल सिंह, पप्पलप्रीत सिंह और वरिंदर विक्की को अभी डिब्रूगढ़ जेल में ही रहना होगा। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में चल रही उनकी एनएसए की अगली सुनवाई 22 मार्च को होनी है, जिसके बाद सरकार आगे का फैसला लेगी। उधर अमृतपाल सिंह के पिता व परिवार जालंधर के नौवीं पातशाही गुरुद्वारा साहिब पहुंचें। उन्होंने वारिस पंजाब दे पार्टी को जालंधर में चरणजीत सिंह भिंडर को पर्यवेक्षक नियुक्त किया। जालंधर सिटी और रूरल की जिम्मेदारी पांच पांच लोगों को दी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को पंजाब के लोगों का समर्थन मिल रहा है। अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी धर्म के आधार पर कोई विंग नहीं बनाएगी। पार्टी सिर्फ पंजाब के हक की बात ही करेगी।





