रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमेरिका के लुसियाना राज्य के न्यू ऑरलियन्स शहर में 1 जनवरी को नए साल का जश्न मना रहे लोगों की भीड़ पर पिकअप ट्रक चढ़ा दी गई। लाशें बिछी तो गाड़ी का ड्राइवर बाहर आया और इधर उधर भाग रहे लोगों पर फायरिंग कर दी। इसमें करीब
10 लोगों की जान चली गई है। वहीं, 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।
CNN के मुताबिक यह घटना शहर के बॉर्बन स्ट्रीट पर हुई। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि तड़के सुबह तेज रफ्तार गाड़ी आई और सेलिब्रेट कर रहे लोगों पर चढ़ा दी। इसके बाद उसमें से एक शख्स उतरा। उसने लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस फोर्स को भी फायरिंग करनी पड़ी। हमलावर शख्स पकड़ा गया है या नहीं इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
ABC न्यूज ने पुलिस प्रवक्ता का हवाला देते हुए बताया कि ऐसा लगता है कि हमला जानबूझकर किया गया था। इस घटना के बाद नए साल के जश्न का माहौल मातम में बदल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल लोगों को शहर के 5 अस्पतालों में भेजा गया है।
इससे पहले 25 दिसंबर को जर्मनी में भी ऐसा ही हादसा हुआ था। एक सऊदी डॉक्टर ने मैगडेबर्ग शहर के मार्केट में लोगों पर कार चढ़ा दी थी। घटना में 5 की मौत हो गई और 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए।




