रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): हरियाणा के 10 नगर निगमों में से 9 के नतीजे आ गए हैं। भाजपा पानीपत, गुरुग्राम, रोहतक, हिसार, करनाल, अंबाला, सोनीपत और फरीदाबाद नगर निगम में मेयर का चुनाव जीत गई है। यमुनानगर निगम में भी भाजपा आगे चल रही है।
मानेसर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. इंद्रजीत यादव ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सुंदर लाल को हराया। इंद्रजीत यादव ने खुद को केंद्रीय राज्यमंत्री व गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत की करीबी बताकर प्रचार किया था। कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के विधानसभा क्षेत्र जुलाना की नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए भाजपा के डॉ. संजय जांगड़ा ने जीत दर्ज की है। फतेहाबाद जिले की जाखल मंडी नगर पालिका में निर्दलीय उम्मीदवार विकास कुमार चेयरमैन बन गए हैं। यहां भाजपा उम्मीदवार सुरेंद्र मित्तल हार गए।
8 नगर निगमों में मेयर के साथ वार्ड पार्षदों के लिए मतगणना हो रही है। 2 नगर निगमों, सोनीपत और अंबाला में सिर्फ मेयर के लिए उपचुनाव की मतगणना हो रही है। नगर निगमों के अलावा 32 नगर पालिका और नगर परिषदों के लिए भी चुनाव और उपचुनाव की मतगणना जारी है।




