रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के अमृतसर में नामी प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। स्कूलों की मैनेजमेंट को ई-मेल के जरिए यह धमकी भेजी गई। इसके बाद स्कूल मैनेजमेंट ने तुरंत अमृतसर पुलिस को सूचित किया।
इसके साथ ही बच्चों के पेरेंट्स को मैसेज भेजा गया कि वह तुरंत अपने बच्चों को स्कूल से घर ले जाएं। सभी स्कूल वैन को बुलाकर बच्चों की छुट्टी कर दी गई। वहीं पुलिस ने स्पॉट पर पहुंचकर इलाका सील कर दिया। मौके पर बम स्क्वायड और फायर ब्रिगेड भी बुलाई गई है। स्कूल के अचानक मैसेज से पेरेंट्स भी घबराते हुए स्कूल पहुंचे। वहीं अचानक छुट्टी किए जाने से बच्चों में भी हड़कंप मच गया। वह घर पहुंचने की जल्दी में दिखे। स्कूल के अंदर किसी को नहीं जाने दिया जा रहा है। पुलिस की टीमें अंदर जाकर क्लासरूम की जांच कर रही हैं। ई-मेल की जांच साइबर सैल को भेज दी गई है। यह धमकी किस संगठन या व्यक्ति ने दी, अभी इसका खुलासा नहीं हआ है। पुलिस ने भी जांच के बाद इस बारे में बयान जारी करने की बात कही है।


