रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह के खिलाफ पंजाब के जालंधर में पुलिस को शिकायत दी गई है। बादशाह पर आरोप है कि उन्होंने अपने नए गाने ‘वेलवेट फ्लो’ में ईसाई समुदाय की पवित्र बाइबल और चर्च की शब्दावली का गलत इस्तेमाल किया है।
इस पर ईसाई समुदाय ने आपत्ति जताते हुए गाने को तुरंत बैन करने की मांग की है। साथ ही पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि बादशाह और उनके साथियों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं और धर्मनिरपेक्षता को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। इस संबंध में जालंधर कैंट के दीप नगर से सटे शिव एन्क्लेव के रहने वाले पास्टर गौरव मसीह गिल द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है कि वह पंजाब क्रिश्चियन मूवमेंट के धार्मिक विंग का प्रदेश अध्यक्ष हैं। बीते दिन वह अपने घर पर बैठे हुए थे। इस दौरान उनके एक मित्र का फोन उन्हें आया। जिसमें उनके मित्र ने कहा- सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा गया है। जिसमें बॉलीवुड गायक-रैपर बादशाह का एक गाना (वेलवेट फ्लो) चल रहा है। गाने में उन्होंने अपने गाने में शब्दों के माध्यम से पवित्र बाइबल और ईसाई समुदाय के चर्च का दुरुपयोग किया है।




