रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): फिल्म धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर चार हफ्तों तक मजबूत पकड़ बनाए रखी, जिसके बाद अब पांचवें हफ्ते में इसकी रफ्तार हल्की कम होती दिखी है। थिएटर में रिलीज के पांचवें शुक्रवार को फिल्म की एक दिन की कमाई पहली बार 10 करोड़ रुपए से नीचे आ गई।
फिल्म ने 8.75 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया, जो अब तक के लगातार मजबूत आंकड़ों की तुलना में गिरावट मानी जा रही है। हालांकि, ट्रेड जानकारों के मुताबिक, लंबे समय तक चलने वाली फिल्मों में ऐसा स्लोडाउन सामान्य माना जाता है। भारत में फिलहाल धुरंधर करीब 3,800 स्क्रीन्स पर चल रही है, लेकिन 1 जनवरी को रिलीज हुई धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म इक्कीस के बाद इसकी स्क्रीन्स में कमी आने लगी है। इंडिया टुडे ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि धुरंधर और इक्कीस दोनों फिल्मों को जियो स्टूडियोज द्वारा बैक (समर्थित) किया गया है। ऐसे में धुरंधर की लगभग 50 प्रतिशत स्क्रीन्स अगस्त्य नंदा स्टारर फिल्म इक्कीस को दे दी गई हैं।


