रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड केस में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमृतसर के डीसीपी रविंदर पाल सिंह संधू ने कहा कि उन्होंने फतेहगढ़ साहब पुलिस की मदद से लालजीत सिंह भुल्लर को मंडी गोविंदगढ़ से गिरफ्तार किया है।
डीसीपी ने कहा- भुल्लर को अमृतसर लाया जा रहा है। उन्हें कोर्ट में कल पेश करेंगे। वहीं, लालजीत सिंह भुल्लर ने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर पोस्ट डालकर दावा किया कि उन्होंने सरेंडर किया है। इधर, रंधावा का अभी तक पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। उनकी लाश अमृतसर के अस्पताल में रखी गई है। DCP आज फिर से परिवार से मिलने घर पहुंचे हैं। वह बंद कमरे में परिवार के साथ बात कर रहे हैं। परिवार अभी सीबीआई जांच की मांग और पीजीआई के बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करने की मांग कर रहा है। इससे पहले DCP रविंदर पाल सिंह टीम के साथ परिजनों से DM का मोबाइल फोन लेने गए थे। उन्होंने कहा कि उसमें कुछ सबूत हो सकते हैं। हालांकि, परिजनों ने अधिकारी को बिना मोबाइल दिए लौटा दिया और कहा कि पहले आरोपी को पकड़ो।
उधर कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला ने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया। जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वह CBI को जांच दे देंगे। शाह ने लोकसभा में कहा-
” यह पंजाब राज्य का मामला है। पंजाब के सारे सांसदों से मेरा निवेदन है कि मुझे लिखकर दे दें, मैं केस CBI को ट्रांसफर कर दूंगा।
इसके बाद कांग्रेस के 7 में से 4 सांसदों ने अमित शाह को लेटर भेज दिया। लेटर पर जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला और पटियाला से सांसद धर्मवीर गांधी के साइन हैं।


