रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के लुधियाना में दो आतंकियों के एनकाउंटर पर पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में अहम खुलासा करते हुए कहा कि दोनों का पाकिस्तान-स्थित हैंडलर जसवीर उर्फ चौधरी से लिंक था। दोनों को राज्य में ग्रेनेड हमला करने के लिए भेजा गया था।
कमिश्नर ने ये भी बताया कि पकड़े गए आतंकी लॉरेंस गैंग से जुड़े मॉड्यूल का हिस्सा हैं और एक आतंकी का लिंक सलमान खान के घर फायरिंग करने वाले से भी है। उनकी योजना सरकारी इमारतों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर ग्रेनेड फेंककर राज्य में तनाव फैलाने की थी। एनकाउंटर में घायल दोनों आतंकियों का इलाज अस्पताल के वार्ड में ताला लगाकर कराया जा रहा है। बता दें कि गुरुवार को दिल्ली-अमृतसर हाईवे पर लाडोवाल टोल के पास पुलिस ने PAK समर्थित टेरर मॉड्यूल के दो आतंकियों का एनकाउंटर किया था, जिसमें दोनों घायल हुए। एक आतंकी पंजाब के अबोहर का रहने वाला है, जबकि, दूसरा राजस्थान का है। एनकाउंटर के दौरान एक को 5 गोलियां और दूसरे को 2 गोलियां लगीं। हालांकि, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।


