रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर की थाना नई बारादरी पुलिस ने एक ऐसे शातिर गैंग को गिरफ्तार किया है जो फर्जी पुलिसकर्मी बनकर शहर में लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। यह आरोपी खाकी पगड़ी और पुलिसिया जूते पहनकर रात के अंधेरे में अकेले राहगीरों को अपना निशाना बनाते थे। पुलिस ने इनके पास से 8 मोबाइल फोन, 3 बाइक और तेजधार हथियार (दातर) बरामद किए हैं।
नशे की लत को पूरा करने के लिए चश्मा बेचने वाले इन युवकों ने अपराध का रास्ता चुना था। मामले का खुलासा तब हुआ जब 13 जनवरी की रात दिल्ली से लौटे राज कुमार शर्मा और उनके दोस्त मनप्रीत के साथ लूटपाट हुई। दोनों सिटी रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड की ओर पैदल जा रहे थे, तभी लाडोवाली रोड पर एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोका। इनमें से दो आरोपियों ने खाकी पगड़ी बांधी हुई थी और पैरों में पुलिस अधिकारियों जैसे जूते पहने थे। उन्होंने असली पुलिस की तरह रौब दिखाते हुए देर रात घूमने का कारण पूछा और फिर डरा-धमकाकर उनसे 9660 रुपए और आईफोन लूटकर फरार हो गए।


