रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब-हरियाणा के शंभू और खनौरी बॉर्डर से हरियाणा पुलिस ने गुरुवार सुबह बैरिकेडिंग हटानी शुरू कर दी है। किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए यह सीमेंट की बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिस के मुताबिक आज शाम तक 13 महीने से बंद दिल्ली-जम्मू-अमृतसर हाईवे को ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा।
वहीं बुधवार दोपहर हिरासत में लिए गए किसान नेता जगजीत डल्लेवाल को आर्मी के कंट्रोल वाले जालंधर कैंट स्थित PWD रेस्ट हाउस में रखा गया है। पहले पुलिस उन्हें जालंधर सिटी स्थित PIMS अस्पताल ले गई थी। मगर, किसानों के इकट्ठा होने की संभावना के चलते गुरुवार सुबह शिफ्ट कर दिया गया। इससे पहले बुधवार देर शाम को पंजाब पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों को हटा दिया था। इस दौरान विरोध करने वाले करीब 200 किसानों को हिरासत में लिया गया। जिसके बाद पंजाब पुलिस ने बुलडोजर से किसानों के बनाए शेड तोड़ दिए।


कल (19 मार्च) को दोपहर में केंद्र सरकार के साथ चंडीगढ़ में 7वीं बार वार्ता कर लौट रहे किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण सिंह पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के जगजीत सिंह डल्लेवाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद भारी पुलिस फोर्स दोनों बॉर्डर पर पहुंची और उसे खाली कराया।




