रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): हरियाणा के पंचकूला में बाप-बेटी ने सुसाइड कर लिया। पहले बेटी का पिता के साथ झगड़ा हुआ तो उसने घर में फंदा लगा लिया। यह देखकर पिता भी अचानक घर से गायब हो गया। कुछ समय बाद उसकी लाश भी स्टेडियम में फंदे से लटकी मिली।
पुलिस ने मृतक व्यक्ति के बेटे के बयान पर कार्रवाई कर शव पोस्टमॉर्टम के बाद उनके हवाले कर दिया है। मृतक व्यक्ति के बेटे ने कहा कि पिता ने बहन को डांटा था, जिसके बाद यह सारी घटना हुई। पंचकूला के सेक्टर 17 स्थित राजीव कॉलोनी में पूजा (18) ने सोमवार रात को अचानक घर में ही फंदा लगा लिया। जब परिवार के सदस्यों को पता चला तो वह उसे फंदे से उतारकर सेक्टर 6 स्थित सिविल अस्पताल ले गए। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूजा की मौत होने का पता चलने के बाद उसका पिता हवा सिंह भी अचानक गायब हो गया। परिवार में किसी को कुछ समझ नहीं आया। उन्होंने हवा सिंह को ढूंढने के लिए काफी कोशिश की लेकिन वह किसी को नहीं मिला। न ही वह किसी को कुछ बताकर गया था। इसके बाद पुलिस को पता चला कि सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में एक शव लटका हुआ है। छानबीन में वह शव हवा सिंह का निकला।





