रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): किसान आंदोलन में वाटर कैनन बॉय के नाम से फेमस हुए हरियाणा के नवदीप सिंह जलबेड़ा पर पंजाब में FIR दर्ज हुई है। ये केस लुधियाना में दर्ज किया गया है।
दरअसल, पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। इस घटना को लेकर पंजाब भर के ब्राह्मणों में आक्रोश बढ़ा। जिसके बाद यह एफआईआर दर्ज की गई है। नवदीप की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापामारी भी शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें हरियाणा कूच की तैयारी में है। अधिकारियों के अनुसार शिकायत ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पंकज शारदा ने राजीव शर्मा, पाली सहजपाल, पंडित राजन शर्मा और राज्य के विभिन्न हिस्सों से समुदाय के अन्य प्रतिनिधियों के साथ मिलकर दर्ज कराई है। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान नवदीप सिंह जलबेड़ा ने मंच से अपने भाषण के दौरान कहा था कि ‘पूरे पंजाब के ऊपर दिल्ली का गंदा राज नहीं चलेगा। पाखंडी ब्राह्मण का राज नहीं चलेगा। पंजाब पर सिर्फ बाबा नानक का राज चलेगा।’ इसमें ब्राह्मणों को पाखंडी बताने पर एतराज जताया गया है।
SHO बोले- गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है
मामले की जांच कर रहे थाना डिवीजन नंबर 2 के SHO गुरजीत सिंह ने कहा कि नवदीप के खिलाफ धारा BNS की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया है। नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी भी जारी है।


