रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के अमृतसर से बिहार के सहरसा जा रही गरीब रथ ट्रेन (12204) में शनिवार सुबह पंजाब के सरहिंद स्टेशन के पास आग लग गई। यह आग 19 नंबर AC बोगी में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। इसमें लुधियाना के भी कई व्यापारी सफर कर रहे थे।
बोगी नंबर 19 में सवार एक यात्री ने आग लगते ही ट्रेन की चेन खींच दी। इससे ट्रेन रुक गई। इसके बाद बोगी में सवार यात्री अपना सामान छोड़कर तुरंत नीचे उतरे। अफरातफरी के बीच ट्रेन से उतरने में कई यात्रियों को चोटें आई हैं। एक यात्री को ज्यादा चोट लगी है। कुछ यात्री अपने बच्चों के साथ सफर कर रहे थे। उधर, सूचना मिलते ही रेलवे, फायरबिग्रेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग में बोगी नंबर 19 पूरी तरह जा
गया। 18 नंबर बोगी को भी नुकसान पहुंचा है। जली बोगी को अलग करने के बाद ट्रेन को 3 घंटे बाद अंबाला के लिए रवाना किया गया। उधर, रेलवे की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। अंबाला डिवीजन के डीआरएम भी घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली।
उधर, इस घटना का असर कई अन्य ट्रेनों पर भी पड़ा है। अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस, गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, दिल्ली इंटरसिटी, और जालंधर इंटरसिटी प्रभावित हुई है।


