रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमृतसर में बस स्टैंड पर ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई। जिसमें एक बस कर्मचारी की मौत हो गई है। कर्मचारी को चार गोलियां लगी है।
फायरिंग के बाद यात्रियों में भगदड़ का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके से 6 गोलियों के खोल बरामद किए और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि झगड़ा यात्रियों को पहले लेने को लेकर हुआ था। आरोपी मुलाजिम फायरिंग के बाद फरार हो गया और उसकी तलाश तेज कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो अलग-अलग प्राइवेट बसों के मुलाजिमों के बीच काफी देर से कहासुनी चल रही थी। मामला उस समय बिगड़ गया जब एक पक्ष ने गुस्से में हथियार निकाल लिया और फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में काहलों बस के मुलाजिम माखन को करीब चार गोलियां लगीं। वह मौके पर गिर पड़ा और दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। एसीपी गगनदीप ने बताया कि उन्हें बस स्टैंड पर फायरिंग की कॉल मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने कहा कि घायल मुलाजिम की पहचान माखन के रूप में हुई है और शुरुआती जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि विवाद बसों की टाइमिंग और मानियों को पहले लेने को लेकर हुआ।


