रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर जिले भोगपुर के नजदीकी गांव भटनूरा लुबाना में NRI के घर 2 बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। घटना बुधवार रात 1 बजकर 52 मिनट की है। NRI की पहचान मनजीत सिंह के तौर पर हुई है। फायरिंग के बाद दोनों युवक बाइक से भाग गए।
पुलिस ने बताया किया अभी तक की जांच में सामने आया है कि फायरिंग में मनजीत सिंह के भांजे का हाथ है। आरोपी के बारे में मनजीत सिंह ने थाने में बताया कि भांजा शमशेर सिंह भी अमेरिका में रहता है। उसके साथ उसकी बातचीत नहीं है। उसने कपूरथला में रहती अपनी मां को भी फोन कर शादी में न जाने की बात कही थी। मां के साथ हुई बातचीत में उसने कहा था कि अगर कोई शादी में गया तो वह वहां पर फायरिंग करवाएगा। पुलिस मनजीत के इन आरोपों पर जांच कर रही है। अभी इस मामले में किसी को भी अरेस्ट नहीं किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। घटनाक्रम के अनुसार, गांव भटनूरा लुबाना में स्थित NRI मनजीत सिंह के घर को निशाना बनाया गया। CCTV फुटेज में दिख रहा है कि बाइक पर सवार होकर 2 अज्ञात लोग गांव में दाखिल होते हैं। वे घर से कुछ दूरी पर अपनी बाइक खड़ी करते हैं और टार्च जलाकर पहले सही घर की पहचान करते हैं और फिर फायरिंग कर देते हैं।


