रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब संगीत जगत की जानी-मानी सूफी गायिका ज्योति नूरां के घर के बाहर देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। जालंधर के वसंत कुंज इलाके में स्थित उनके आवास पर एक अज्ञात स्कूटी सवार ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। घटना के समय ज्योति नूरां घर के भीतर ही मौजूद थीं। गनीमत रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते कल रात करीब 9:20 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिवार के सदस्यों के मुताबिक, एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी पर सवार होकर वसंत कुंज स्थित ज्योति नूरां के घर के बाहर पहुंचा। उसने अचानक घर की ओर फायरिंग शुरू कर दी।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हैरानी की बात यह है कि फायरिंग के वक्त ज्योति नूरां अपने घर के अंदर ही थीं। धमाकों की आवाज सुनने के बाद जब पड़ोसियों ने घर के बाहर हलचल देखी, तो उन्होंने तुरंत ज्योति नूरां के परिवार को इस बारे में सूचित किया। पड़ोसियों द्वारा हमले की पुष्टि किए जाने के बाद परिवार ने तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी।


