रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश और पंजाब में 6 और 7 अक्टूबर को भारी वर्षा का अनुमान जताया है। यह बारिश 4 अक्टूबर की रात से शुरू हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में लगभग 110 मिमी, जम्मू में 120 मिमी, और हिमाचल प्रदेश में 160 से 180 मिमी तक बारिश हो सकती है। हिमाचल और जम्मू में बारिश से पानी पंजाब में आएगा। हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश होने की संभावना है। पंजाब में भी कई जिलों पठानकोट, अमृतसर, तरनतारण, रोपड़, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोगा, मानसा, गुरदासपुर, बरनाला और बठिंडा में भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए एहतियात के तौर पर पंजाब सरकार ने रंजीत सागर डैम से रावी नदी में पानी का निकास बढ़ा दिया है। पहले पिछले 2 दिनों से 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, लेकिन गुरुवार को इसे बढ़ाकर 37,686 क्यूसेक कर दिया गया।


