रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही पंजाब में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर सकते हैं। यह दौरान 9 सितंबर को हो सकता है। जिसमें मोदी पंजाब के अलावा हिमाचल और उत्तराखंड भी जा सकते हैं। पंजाब में वे गुरदासपुर जा सकते हैं।
इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान पंजाब का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी के कहने पर वे पंजाब आए हैं। उन्होंने पंजाब की पूरी मदद का भरोसा दिलाया था। पंजाब सरकार लगातार केंद्र से 60 हजार करोड़ का फंड मांग रही है। प्रदेश के वित्त मंत्री हरपाल चीमा के मुताबिक प्रदेश के 2 हजार गांव बाढ़ की चपेट में हैं और 43 लोगों की मौत हो चुकी है। केंद्र सरकार से मांगी गई मदद भी अभी तक राज्य को नहीं मिली है। हालांकि दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने आज पंजाब को 5 करोड़ देने का ऐलान किया है। वहीं, शनिवार को भी पूरे दिन लुधियाना का ससराली बांध टूटने का खतरा बना रहा। शुक्रवार आधी रात को यहां सतलुज नदी पर गांव ससराली में बना बांध टूट गया था। जिसके बाद पानी खेतों में पहुंच गया। आबादी की तरफ जाते पानी का बहाव को रोकने के लिए प्रशासन ने सेना और NDRF की मदद से रिंग बांध बनाया था लेकिन शनिवार को उसपर भी कटाव होना शुरू हो गया, जिसे देखते हुए तीसरा बांध बनाना शुरू कर दिया गया।





