रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब पुलिस के पूर्व DIG हरचरण सिंह भुल्लर की वजह से पंजाब के कई IPS-IAS अधिकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नजर में आ गए हैं। अब तक की जांच में करीबन 50 ऐसे अफसर सीबीआई की रडार पर हैं, जिनके पूर्व डीआईजी भुल्लर और कृष्नु से लिंक सामने आए हैं। सीबीआई की तरफ से अपनी अब तक की जांच रिपोर्ट में इसका जिक्र किया है। बिचौलिए कृष्नु के इनसे लिंक उसके मोबाइल फोन के जरिए स्टेब्लिश हुए थे।
केंद्र सरकार की तरफ से जल्द ही इन सभी अधिकारियों की विभागीय जांच शुरू हो सकती है, जो आम आदमी पार्टी की सीनियर लीडरशिप के संपर्क में थे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार डीआईजी भुल्लर रिश्वत केस के बाद सीबीआई की जांच के जरिए केंद्र सरकार के पास कई ऐसे सबूत हाथ लगे हैं, जिससे साफ हो रहा है कि प्रदेश में कई IPS-IAS अधिकारियों ने बेनामी जायदादों में पैसा लगाया हुआ है।
इन सभी अधिकारियों की अलग से खुफिया तौर पर विभागीय जांच की जा रही है। यही नहीं डीआईजी भुल्लर व बिचौलिए कृष्नु के पूछताछ बैंक एंट्रियों और कागजात से कई जानकारियों सामने आई हैं कि कैसे बड़े अधिकारी पैसा रियल एस्टेट में लगा रहे हैं। सीबीआई की तरफ से बिचौलिए कृष्नु से उन सभी अधिकारियों के बारे में भी पूछताछ की है, जिनकी फोटो उसकी तरफ से अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डाली गई थीं। इसमें पंजाब स्कूल एजूकेशन बोर्ड के एक बड़े अधिकारी का भी नाम शामिल है, जो दिल्ली के आम आदमी पार्टी के बड़े नेता का नजदीकी बताया जाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- हर दोषी नपेगा
काफी समय से सक्रिय राजनीति से दूर पंजाब प्रदेश भाजपा कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ का बयान भी काफी अहम है। वह आज तरनतारन में चुनावी जन सभा को संबोधित कर रहे थे तो उनकी तरफ से इस मुद्दे को काफी ऊंचे सुर में उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सीबीआई द्वारा पकड़े गए अधिकारी और बिचौलियों से मिली डायरियों से अधिकारियों की एक लंबी लिस्ट मिली है, जब यह जांच आगे बढ़ेगी तो इसका सिरा उन लोगों तक भी पहुंचेगा जिनके लिए ये लोग लोगों का खून चूसकर काला धन इकट्ठा कर रहे थे।


