रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के अबोहर स्थित कोर्ट परिसर में पेशी पर आए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलीबारी के बाद पूरे तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। युवक जैसे ही पेशी के बाद पार्किंग में जाकर कार में बैठने लगा, उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई।
फाजिल्का के SSP गुरमीत सिंह ने कहा कि आकाश उर्फ गोलू पंडित अपने साथियों सोनू व एक अन्य व्यक्ति के साथ आर्म्स एक्ट में पेशी भुगतने के लिए आया था। जैसे ही वह कचहरी में पहुंचा और पार्किंग में आया तो पहले से तैयार हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पुलिस के मुताबिक यह हत्या 2 गैंगों की दुश्मनी की वजह से हुई है। एसएसपी ने कहा कि सफेद रंग की कार में 3 हमलावर आए थे। उन्होंने कहा कि 6 राउंड फायरिंग हुई है। हमलावर 3 थे लेकिन फायरिंग एक ही हमलावर ने की। गोलू के साथ मौजूद सोनू ने बताया कि यह हमला गग्गी लाहोरिया और उसके साथियों ने किया है। सोनू के अनुसार, हमलावरों की गोलू पंडित से पुरानी रंजिश चल रही थी।




