रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से जुड़े हथियार सप्लाई और उगाही मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। तीन हफ्तों की लगातार कार्रवाई में पुलिस ने 10 शूटर और सप्लायर को गिरफ्तार कर 12 अत्याधुनिक हथियार बरामद किए हैं।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की ओर से इस बारे में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह जानकारी साझा की है। आरोपियों से पुलिस ने 2 ऑस्ट्रियन ग्लॉक पिस्टल समेत 10 अन्य अत्याधुनिक हथियार जब्त किए। यह गिरोह पंजाब में अवैध हथियारों की तस्करी, उगाही और सुपारी किलिंग में सक्रिय था। गैंग राज्य में दहशत का माहौल बनाने की साजिश रच रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है। पंजाब पुलिस ने दोहराया कि वह राज्य से गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसी कार्रवाई जारी रहेंगी।


