रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): हरजिंदर सिंह धामी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के 5वीं बार प्रेसिडेंट बन गए हैं। उन्होंने अकाली दल (पुनर सुरजीत) के उम्मीदवार मिट्ठू सिंह को 99 वोट से हराया।
इसके साथ रघुजीत सिंह विर्क को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, बलदेव सिंह को जूनियर वाइस प्रेसिडेंट और शेर सिंह मंड को जनरल सेक्रेटरी चुना गया। चुनाव की शुरुआत में एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने हाथ खड़े करवा चुनाव करवाने की अपील की। लेकिन उनकी इस अपील को खारिज कर दिया गया। जिसके बाद अब वोटिंग के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया को शुरू किया गया है।
अकाली दल के नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा- ये बहुत बड़ी कामयाबी है। सुखबीर सिंह बादल ने सभी सदस्यों की राय के बाद एडवोकेट धामी का नाम घोषित किया था। जिसके बाद उन्हें 117 वोटें पड़ी, जबकि मिट्ठू सिंह को सिर्फ 18 वोटें पड़ी। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों का धन्यवाद है कि उन्होंने एक बार फिर इमानदार शख्सियत को चुना है। बीते साल भी वोटें पड़ीं थी तो विरोधी पक्ष को 33 वोट पड़ी थी और इस बार ये गिनती और कम हो गई है। वहीं मिट्ठू सिंह ने कहा कि जिन्होंने धामी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, उन्हें भी अंतिम कमेटी का सदस्य चुना गया है। ये चुनाव गोल्डन टेंपल परिसर में स्थित तेजा सिंह समुद्री हॉल में हुआ।


