रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के जालंधर में प्रेस क्लब चौक पर शुक्रवार शाम हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच हंगामा हो गया। इसकी शुरुआत तब हुई, जब ‘आई लव मोहम्मद’ के विवाद को लेकर मुस्लिम पक्ष मेमोरंडम लेकर पुलिस कमिश्नर के ऑफिस जा रहे थे।
मुस्लिम पक्ष का आरोप है कि इस दौरान एक स्कूटी सवार ने जानबूझकर उन्हें उकसाने के लिए नारा लगाना शुरू कर दिया। वहीं, हिंदू पक्ष का आरोप है कि जय श्री राम बोलने पर स्कूटी सवार से स्कूटी की चाबी छीन ली गई। उसके साथ मारपीट की गई। उन्होंने इकट्ठा होकर उसे बचाया। शहर के व्यस्त चौराहे पर हंगामे के बाद भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। हिंदू पक्ष ने जय श्रीराम तो मुस्लिम पक्ष ने अल्लाह हू अकबर के नारे लगाने शुरू कर दिए।माहौल बिगड़ते देख पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस मामले को शांत कराने में जुटी हुई है। एहतियात के तौर पर चौक पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
वहीं मुस्लिम पक्ष से आल इंडिया उलेमा के चेयरमैन मोहम्मद अकबर अली ने बताया कि वे देश में मुस्लिमों से हो रहे भेदभाव के खिलाफ कमिश्नर दफ्तर में मेमोरेंडम देने जा रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें देखकर जय श्रीराम के नारे लगाए।


